गाजीपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन मांगे गए हैं। रिक्त सीटों पर प्रवेश 13 नवंबर तक लिया जा सकता है।
राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, लखनऊ के निर्देश पर गाजीपुर और जहुराबाद स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में एससीवीटी व्यवसायों के तहत वॉक-इन के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य अमित मद्धेशिया ने बताया कि गाजीपुर संस्थान में टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से संचालित पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
इनमें वर्चुअल एनालिसिस एंड डिजाइनर-एफईएम की 22, मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस कंट्रोल एंड ऑटोमेशन की 19, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स एंड डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग टेक्नीशियन की चार, एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग टेक्नीशियन-3डी प्रिंटिंग की 24 और स्विंग टेक्नोलॉजी की दो सीटें शामिल हैं। इसी तरह नव संचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जहूराबाद में भी विभिन्न ट्रेडों की रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। यहां आरएसी की 11, मशीनिस्ट की 17 और वेल्डर की 25 सीटें उपलब्ध हैं। प्रधानाचार्य ने बताया कि नए इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश के लिए पूर्व में जारी लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
वहीं, पहले से आवेदन कर चुके अभ्यर्थी भी संस्थान में उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित अंतिम तिथि 13 नवंबर तक प्रवेश लेने का अवसर मिलेगा।