बहादुरगंज/कासिमाबाद। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सोमवार को नगर पंचायत बहादुरगंज में प्रशासक नियुक्त करते हुए कासिमाबाद एसडीएम को जिम्मेदारी सौंप दी। नगर पंचायत अध्यक्ष रेयाज अहमद अंसारी करीब 45 दिनों से फरार चल रहे हैं। बीते 26 जनवरी को नेसार अहमद अंसारी ने चेयरमैन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इधर, पुलिस ने भी बीते 17 फरवरी को रेयाज अहमद अंसारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि बहादुरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष रेयाज अहमद अंसारी करीब डेढ़ माह से अधिक समय से कार्यालय नहीं आ रहे हैं। अध्यक्ष के अनुपस्थित रहने के कारण निकाय में जनहित के कार्यों की स्वीकृति नहीं हो पा रही है।
इतना ही नहीं, दो माह से कर्मचारियों का वेतन भी नहीं दिया गया है। साथ ही जनहित के कार्यों की स्वीकृति नहीं होने से निकाय के लोगों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। वहीं, निकाय के सफाईकर्मियों ने नौ मार्च को पत्र देकर तीन दिन के भीतर वेतन भुगतान न होने पर हड़ताल की चेतावनी दी थी। कर्मचारियों का वेतन लंबित होने से सफाई और कार्यालय का कार्य भी प्रभावित हो रहा था।