गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की 18 फरवरी से शुरू हो रही हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन ने 196 परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। इस वर्ष जिले में कुल 1,37,456 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह ने बताया कि इस बार परिषद के निर्देश पर प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सभी विषयों के अतिरिक्त प्रश्नपत्र भेजे गए हैं। अब तक केवल मुख्य विषयों के अतिरिक्त प्रश्नपत्र ही रिजर्व रखे जाते थे। आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग किया जाएगा और शेष प्रश्नपत्र आगामी प्री-बोर्ड परीक्षाओं में इस्तेमाल किए जाएंगे।
डीआईओएस ने बताया कि बोर्ड से प्राप्त उत्तरपुस्तिकाओं में से करीब 90 प्रतिशत से अधिक कॉपियां केंद्रों तक पहुंच चुकी हैं। शेष सामग्री को भी निर्धारित समय के भीतर सभी 196 केंद्रों तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
डीआईओएस ने बताया कि प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए प्रत्येक वाहन के साथ निगरानी टीम तैनात की गई है। टीम में प्रधानाचार्य, शिक्षक, कर्मचारी और सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल हैं। संवेदनशील केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वॉयस रिकॉर्डिंग और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रश्नपत्रों की रूट मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सभी विषयों के अतिरिक्त प्रश्नपत्र उपलब्ध हैं। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण और केंद्रों तक समय से सामग्री पहुंचाने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है। - प्रकाश सिंह,जिला विद्यालय निरीक्षक।