जमानिया। बिना हेलमेट एवं मास्क लगाए सड़क पर वाहन चला रहे लोगों के खिलाफ पुलिस ने बुधवार को अभियान चलाया। चेकिंग अभियान में शाम चार बजे तक दर्जन भर से ज्यादा वाहनों का चालान किया गया।
यातायात माह और क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटना को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के निर्देश पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसमें बिना हेलमेट लगाए सड़क पर फर्राटा भर रहे वाहन का चालान किया गया। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले स्वयं अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों के लिए भी परेशानी बन रहे हैं। लोगों की बेहतरी के लिए पुलिस अभियान चला रही है। इस संबंध में कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहसील मुख्यालय के सामने, पांडेय मोड़, बड़ेसर तिराहा सहित अन्य स्थानों पर वाहन चेकिंग की गई। इसमें एक दर्जन से अधिक वाहनों का चालान किया गया। साथ ही जो पैदल समूह में बिना मास्क के घूम रहे थे उन्हें रोक कर यातायात एवं कोविड-19 को लेकर जागरूक किया गया।