गाजीपुर। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर तीन दिन के पैरोल पर मऊ विधायक अब्बास अंसारी जिला कारागार आए थे। यहां वह पिता मुख्तार अंसारी के लिए आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल हुए। पैरोल की अवधि समाप्त होने पर बृहस्पतिवार की सुबह उन्हें कासगंज ले जाया गया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।
आठ जून को कासगंज के पचलाना जिला जेल से अब्बास अंसारी को लेकर टीम जिला कारागार गाजीपुर आई थी। यहां पहुंचने के बाद वह नौ जून को कारागार में रहे। दस जून को सुबह नौ बजे उन्हें पैतृक आवास फाटक ले जाया गया था। वहां वह प्रार्थना सभा में शामिल हुए। इसके बाद 11 व 12 जून को भी उन्हें पैतृक आवास ले जाया गया। उन्हें सुबह नौ बजे जिला कारागार से आवास पहुंचाया जाता। शाम छह बजे फिर जिला कारागार लाया जाता था। इस दाैरान तीन दिनों तक मुहम्मदाबाद स्थित अब्बास अंसारी के पैतृक आवास फाटक के आसपास सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। 12 जून को जिला कारागार में रात काटने के बाद उन्हें सुबह पांच बजे कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस विधायक को कासगंज लेकर रवाना हो गई। इस दौरान वह जिला कारागार में बैरक नंबर दस में रखे गए थे। बैरक की सुरक्षा सख्त थी। साथ ही सीसीटीवी कैमरे से निगरानी भी की जा रही थी। मुख्तार अंसारी का 28 मार्च को निधन हो गया था। इससे पूर्व पिता के फातिहा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अब्बास अंसारी को 10 से 12 अप्रैल तक पैरोल मिला था।