करीब डेढ़ सप्ताह पूर्व प्रयागराज से आई ईडी टीम जिला जेल में बंद सरजील रजा उर्फ आतिफ और अनवर शहजाद से पूछताछ करने के लिए दो दिनों तक गाजीपुर में डटी रही थी। सरजील रजा उर्फ आतिफ के जमानत से जुड़े सभी दस्तावेज कोर्ट के माध्यम से सोमवार को जेल प्रशासन को प्राप्त हो गए थे।
अब्बास के मामा सरजील को प्रयागराज ले गई ईडी
- फोटो : अमर उजाला
शाम करीब सात बजे जेल से रिहाई के बाद बाहर खड़ी ईडी की टीम कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद सरजील रजा को लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हो गई। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस संबंध में एसपी रोहन पी बोत्रे ने बताया कि ईडी द्वारा संपर्क करने पर सरजील रजा को प्रयागराज ले जाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए गए थे।
मऊ के पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी के परिवार एवं उनके रिश्तेदारों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। मुख्तार के बेटे व विधायक अब्बास अंसारी की गिरफ्तारी के बाद से ही साले से भी ईडी की हिरासत में पूछताछ होना तय था।
सूत्रों के मुताबिक ईडी कई मामलों के साथ दो कंपनियों के फर्जीवाड़े से धन उगाही के मामले में टीम जांच कर रही है। जबकि विकास कंस्ट्रक्शन कंपनी में मुख्तार के दोनों साले अनवर शहजाद और सरजील रजा उर्फ आतिफ हिस्सेदार हैं। ईडी की टीम सरजील रजा उर्फ आतिफ की रिहाई पर पैनी नजर रखी हुई थी।
जिला कारागार के बाहर शाम होते ही गहमागहमी बढ़ गई थी। पुलिस टीम अलर्ट मोड पर दिखाई दी। गेट से कुछ दूरी पर सरजील रजा की पत्नी अपने पुत्र को गोद में लेकर खड़ी थी। शाम सात बजे जेल से बाहर आते ही ईडी टीम की अनुमति के बाद पुलिसकर्मियों ने पत्नी को गेट से कुछ दूरी पर बुलाया। इसके बाद सरजील रजा ने अपनी पत्नी और बच्चे से मुलाकात की। इस दौरान कुछ देर के लिए पत्नी और बच्चे को देखकर वह भावुक भी हुए।