बिरनो। पिरथीपुर गांव में रविवार को टंकी के पास पानी लेने गए एक युवक की गिरने से मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराने को लेकर मामी और भांजे के बीच जमकर नोकझोंक हुई। करीब चार घंटे तक चले विवाद के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नोनहरा थानाक्षेत्र के रानीपुर निवासी रमेश यादव (42) कुछ वर्षों से पिरथीपुर में मकान बनाकर रहते हैं। वह रविवार को सुबह करीब आठ बजे शौच के लिए पानी लेने टंकी के पास गए थे, जहां अचानक गिरकर घायल हो गए। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक का भांजा आशीष मौके पर पहुंचा और मामा रमेश के शरीर पर चोट के निशान देख अंतिम संस्कार से पूर्व पोस्टमार्टम की मांग करने लगा। इस बात को लेकर मृतक की पत्नी और भांजे के बीच जमकर कहासुनी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतक के सिर, आंख, कमर और हाथ पर चोट के निशान थे। साथ ही नाक से खून निकल रहा था। इससे सामान्य चोट लगने से मौत पर संदेह और गहरा गया। करीब चार घंटे तक चले विवाद के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। पूछताछ में पता चला कि रमेश अक्सर बीमार रहते थे और उनका इलाज चल रहा था।