सादात। मजुई गांव के बाहर सड़क की पटरी पर बैठे युवक को हमलावरों द्वारा मारी गई गोली के मामले में 24 घंटे बाद बुधवार की देर शाम पुलिस ने तीन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी गांव के ही हैं। आपसी रंजिश में वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। पुलिस अभी तक तीनों को गिरफ्तार करने में असफल रही है। इधर घायल युवक की हालत में काफी सुधार हुआ है।
बीते 15 सितंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे दो बाइक सवार चार हमलावरों ने गांव के बाहर सड़क किनारे पटरी पर बैठे उमेश राम पर ताबड़तोड़ फायर झोंक दिया था। दो गोली मिस कर गई, जबकि एक गोली सीने से ऊपर कंधे पर जा लगी। वारदात को अंजाम देकर हौसलाबुलुंद हमलावर फरार हो गए थे। पुलिस ने तीन संदिग्धों को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी। मामले में सफलता मिलता न देख दूसरे दिन तीनों संदिग्धों को पुलिस ने छोड़ दिया था। इधर घायल के चाचा केशव राम की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही अच्छे लाल यादव, बृजेश और राकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि तीनों नामजद आरोपी दो दिन बाद भी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। जबकि पुलिस लगातार दबिश देने और गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।