हिसार। हिसार छावनी में चल रही बीएसएफ भर्ती के लिए दूर-दूर से युवा पहुंच रहे हैं। उत्तर प्रदेश के चंदौली से हिसार में सेना में भर्ती होने के लिए आए 23 वर्षीय युवक की कैंप चौक हिसार-दिल्ली मार्ग पर मंगलवार सुबह ट्रैक्टर की चपेट में आकर मौत हो गई। युवक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
सदर थाना पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई दिनेश कुमार ने बताया कि हिसार छावनी में बीएसएफ की भर्ती चल रही है। भर्ती में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के चंदौली निवासी 23 वर्षीय अंकुश पुत्र भोलेनाथ हिसार आया हुआ था। मंगलवार सुबह करीब दस बजे वह कैंप चौक स्थित छावनी के गेट नंबर-1 की तरफ जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रक ने ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर बेकाबू होकर सड़क पार कर रहे युवक अंकुश को कुचलता हुआ आगे निकल गया।
घटना के बाद ट्रैक्टर व ट्रक चालक फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। जांच अधिकारी ने बताया कि युवक के पास से मिले फोन नंबर व आईडी से उसकी पहचान अंकुश के रूप में हुई। पुलिस ने उसके परिजनों के फोन नंबर पर घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।