जमानिया। बड़ेसरा गांव के सामने बुधवार की शाम गन्ने की पेराई करते समय मशीन में दुपट्टा फंसने से गला कसने से महिला की मौत हो गई। वह पति के साथ प्रतिदिन की तरह गन्ने का रस निकालकर बेच रही थी। वह कार्य में पति का हाथ बटाती थी।
कांशीराम आवास निवासी छोटी (27) प्रतिदिन पति धनजीव के साथ गन्ने का रस निकाल कर बेचने का काम करती थीं। बड़ेसरा गांव के सामने अचानक महिला का दुपट्टा मशीन में फंस गया और वह इतनी तेजी से खिंचा कि गला कस गया। किसी तरह पति व अन्य लोगों ने मशीन बंदकर दुपट्टा निकाला। तबतक महिला अचेत हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से उसे उपचार के लिए पीएचसी लाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि दंपती रोज की तरह गन्ने का रस बेचने के लिए निकले थे। दुर्भाग्यवश मशीन में दुपट्टा फंसने से महिला की गला दबकर मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।