नंदगंज। थाना क्षेत्र के बंतरा हाईवे कट के समीप सोमवार की रात कार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। देवसिहा गांव निवासी मिंता देवी (30) गांव की ही आशा देवी के साथ बाजार गईं थी। रात आठ बजे वह घर जा रही थीं। बंतरा हाईवे कट के पास सड़क पार करते समय गाजीपुर से वाराणसी जा रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गईं। इससे मिंता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार लेकर भाग गया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व परिजन को दी।
मौके पर पहुंचे परिजन शव को सड़क किनारे रखकर कार चालक की गिरफ्तार और मुआवजे की मांग करने लगे। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि पुलिस ने ग्रामीणों को समझाबुझा कर रात नौ बजे शव को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद
कार के धक्के से दो युवक घायल, एक रेफर
औड़िहार। थाना क्षेत्र के महरूमपुर में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों को सैदपुर सीएचसी लाया गया। वहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने एक युवक को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। सैदपुर कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि लमहीं विशुनपुरा ओमप्रकाश यादव और संजय यादव बाइक से सैदपुर की तरफ आ रहे थे। दोनों महरूमपुर पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें दोनों युवक घायल हो गए और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद चालक कार लेकर भाग गया। संवाद