सहेड़ी रेलवे क्रासिंग के पास पेड़ से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त स्कार्पियो। संवाद
नंदगंज। थाना क्षेत्र के सहेड़ी रेलवे क्राॅसिंग के पास बृहस्पतिवार की रात बरात से बरातियों को लेकर आ रही स्काॅर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में अभिषेक सिंह (34) की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि शहर कोतवाली ब्रह्म स्थान निवासी गोपाल शरण सिंह ने तहरीर देकर बताया कि बेटा अभिषेक सिंह एक शादी समारोह में बरात में शामिल होने के लिए तीन रिश्तेदारों के साथ स्काॅर्पियो से कुसमीकला गांव गया था।
वैवाहिक कार्यक्रम में लौटते समय जैसे ही स्काॅर्पियो सहेड़ी रेलवे क्राॅसिंग के पास पहुंची गति तेज होने से अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। बरातियों की चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घायलों को वाहन निकालकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने चारों घायलों को उपचार के लिए पास के अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने अभिषेक सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को देने के साथ शव को रात में मॉर्च्यूरी हाउस भेजकर सुरक्षित रखवा दिया। वहीं स्काॅर्पियो में बैठे रिश्तेदारों को हल्की चोट लगी है। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।