रेवतीपुर। रेवतीपुर से गहमर जाने वाली 12 किलोमीटर लंबी सड़क दो साल बाद ही उखड़ गई। सड़क के जर्जर होने की वजह से हर दिन हजारों वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इलाके के लोगों ने जर्जर रास्ते पर उत्पन्न फजीहत के खिलाफ कई बार आवाज उठाई, लेकिन जिम्मेदारों के कान पर जूं तक नहीं रेंगा।
रेवतीपुर-गहमर मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लोक निर्माण विभाग गाजीपुर खंड दो के हाथों चार करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से हुआ था। इसके अलावा मरम्मत और रख-रखाव के लिए भी सात लाख रुपये निर्धारण किया गया था। ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क के निर्माण में आने वाली जितनी भी पुलिया थी, किसी का भी नव निर्माण नहीं किया गया। इससे इस सड़क पर कई जगह भीषण दुर्घटना की संभावना बनी हुई है। देखा जाए तो रेवतीपुर पेट्रोल पंप से पहले पुलिया के पास सड़क किनारे आधी सड़क टूट गई है और एक विशाल गड्ढा बन गया है। साथ ही पुलिया का एप्रोच भी टूट चुका है। अब जोखिमपूर्ण पुलिया और सड़क इलाके के लोगों को दर्द देने लगी है।