तीन मीटर चौड़ा और 30 मीटर लंबा होगा फुट ओवरब्रिज
संवाद न्यूज एजेंसी
गहमर। दिल्ली-हावड़ा रेलखंड पर स्थित करहिया हाल्ट पर दो करोड़ रुपये से फुट ओवरब्रिज बनेगा। इसके निर्माण से यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। लंबे समय से यात्री करहिया हाल्ट पर फुट ओवरब्रिज के निर्माण की मांग कर रहे थे।
दानापुर रेलवे प्रशासन की ओर से करहिया हाल्ट पर फुट ओवरब्रिज की मंजूरी दी गई है। प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज प्लेटफाॅर्म-1 और दो को आपस में कनेक्ट करेगा। इससे रेलवे यात्रियों को प्लेटफॉर्म-1 से दो पर जाने में सहूलियत मिलेगी। अब तक फुट ओवरब्रिज न होने से यात्रियों को रेलवे ट्रैक पार करके प्लेटफॉर्म नंबर एक से दो पर जाना पड़ता है। इससे हमेशा हादसा होने की संभावना बनी रहती है। हालांकि अब तक कोई हादसा नहीं हुआ है। प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज तीन मीटर चौड़ा व 30 मीटर लंबा होगा। करहिया हाल्ट पर प्रतिदिन 700 यात्री यात्रा करने के लिए आते हैं। 9 पैसेंजटर ट्रेनों का ठहराव होता है। वहीं दानापुर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि करहिया हाल्ट पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण होगा।