गाजीपुर। जिले में बैंकिंग सिस्टम में लापरवाही और फर्जीवाड़े का मामला आया है। नन्दगंज थाना क्षेत्र के रामपुर बंतरा गांव निवासी युवक ने अपने मृत पिता के नाम पर 18 लाख रुपये का लोन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पास कराकर खाते का संचालन किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में एफआईआर दर्ज कराकर जांच कराने की मांग की है।
रामपुर बंतरा निवासी शिवशंकर यादव पुत्र स्वर्गीय हाकिम यादव ने बताया कि उनके पिता हाकिम यादव का निधन 2 जुलाई 2017 को हो चुका है। इसके बावजूद परिसमापक पूर्वाचल को-आपरेटिव बैंक लिमिटेड गाजीपुर तथा सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता कार्यालय की ओर से पंजीकृत डाक के जरिए उनके घर सूचना भेजी गई कि उनके पिता ने खाते से मार्च 2018 को 18 लाख रुपये का ऋण लिया था।
इसके प्रमाण में वीजा की प्रति भी प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न की गई है। पीड़ित ने मामले की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव, गृह सचिव, डीजीपी, आईजी-डीआईजी वाराणसी मंडल, जिलाधिकारी समेत कई उच्चाधिकारियों को भी भेजी है। कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच रही जा रही है।