जमानिया। बरात में जा रहे एक युवक पर रास्ते में घात लगाकर कुछ लोगों ने लाठी-डंडे, रॉड और अवैध हथियार से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित ने थाने में बुधवार को नामजद तहरीर देकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चंदौली जिले के कंदवा थानाक्षेत्र के सुढ़ना गांव निवासी अखिलेश खरवार अपने घर से मोटरसाइकिल से गाजीपुर के सोनहरिया गांव बरात में शामिल होने जा रहा था। वह ताजपुर चट्टी के पास जैसे ही पहुंचा, वैसे दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने उसे घेर लिया और मारपीट करने लगे। पीड़ित अखिलेश ने बताया कि ताजपुर चट्टी पर हमला करने के बाद, जब वह किसी तरह आगे बढ़ा तो महेवा के पास छह अन्य लोगों ने फिर से उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने इस बार रॉड, लाठी और हथियारों से हमला कर उसे अधमरा कर दिया। घायल युवक ने थाने में तहरीर देकर नामजद एवं अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तीन नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।