गाजीपुर। जिले की पुलिस चोरों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है। चोर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं । ताजा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के बरहनिया गांव स्थित कैलाशपुरी मोहल्ले का है। इस बार चोरों ने बीमाकर्मी के घर को निशाना बनाया। आरोपी 20 हजार नकद और 40 हजार रुपये मूल्य के जेवर चुरा ले गए। शर्मनाक ये कि अपने नकारेपन को छिपाने के लिए पुलिस मामले की रिपोर्ट दर्ज करने में ही आनाकानी करती रही। पीड़ित दिन भर इधर-उधर भटकता रहा। बाद में देर शाम मामला दर्ज कर लिया गया।
कैलाशपुरी मोहल्ला निवासी दूधनाथ राम यूनाइटेड इंश्योरेंश कंपनी में लिपिक है। चार दिन पहले घर में ताला बंदकर वह परिवार सहित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। रविवार देर शाम वह वापस लौटा। मुख्य गेट का ताला खोलकर परिजन अंदर गए तो वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गए। पांचों कमरों के ताले टूटे हुए थे। साथ ही वहां रखा सारा सामान बिखरा हुआ था। अंदर रखे बक्से का ताला भी टूटा था। साथ ही उसमें रखी नकदी और जेवर गायब थे।
उधर जमानिया संवाददाता के अनुसार सरायमुराद अली गांव में रविवार देर रात ही रमेश के घर का ताला तोड़कर चोर पांच हजार नगदी के साथ हजारों के आभूषण चुरा ले गए। चोरों ने बद्री प्रसाद और महेन्द्र सिंह के घर में भी चोरी का प्रयास किया। हालांकि परिजनों के जगने पर आरोपी भाग निकले। वैसे कोतवाली प्रभारी डीपी सिंह ने चोरी की घटना की जानकारी होने से इंकार किया है।