गहमर। पूर्व मध्य रेलवे दानापुर रेलमंडल के मुगलसराय-पटना रेलखंड पर गहमर एवं भदौरा के बीच त्योहारों के मौसम में ट्रेनों के डीरेल होने की यह दूसरी बड़ी घटना है। मां कामाख्या धाम के इस क्षेत्र में इसके पहले 28 अक्टूबर 1998 को सुबह 10 बजे दीपावली के दिन दिल्ली से भागलपुर जा रही मगध एक्सप्रेस की तीन बोगियां गहमर आउटर सिग्नल के पास ही पटरी से उतर गईं थीं। उस घटना में भी कोई यात्री हताहत नहीं हुआ था।
ठीक 14 साल बाद 19 नवंबर 2012 को डाला छठ के दिन लोकमान्य तिलक टर्मिनल से राजेन्द्र नगर पटना जा रही 13202 डाउन पटना-कुर्ला बांबे जनता एक्सप्रेस के चार डिब्बे गहमर रेलवे स्टेशन से महज 4 किलोमीटर दूर पटरी से उतर गए। इस हादसे में भी कोई यात्री हताहत नहीं हुआ। जिससे लोग मां कामाख्या की कृपा मान रहे हैं। गहमर रेलवे स्टेशन के पास हुई दोनाें घटना डाउन लाइन में त्योहार के दिन सुबह लगभग 10 बजे हुई है और दोनाें घटनाओं में कारण ट्रेन का पटरी से उतरना ही रहा है।