गाजीपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले चौबीस घंटे के भीतर हुए तीन सड़क हादसों में मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई। खानपुर के सिंधौना पुलिस चौकी के पास हुई सड़क दुर्घटना में जीप पर सवार एक यात्री की मौत हो गई जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
खानपुर संवाददाता के अनुसार रविवार की रात वाराणसी से अखबार का बंडल लेकर एक महेंद्रा मैक्स गाजीपुर-वाया मऊ जा रही थी। गाड़ी पर खचाखच सवारियां भी भरी थीं। रात्रि करीब ढाई बजे महेंद्रा मैक्स सिंधौना पुलिस चौकी के पास पहुंची। सड़क पर लगे बैरियर को पार करते समय महेंद्रा मैक्स का चालक नियंत्रण खो बैठा और अनियंत्रित जीप ने पहले एक टेंपो की ट्राली में धक्का मारा। इसके बाद सड़क किनारे खंभेे से जा टकराई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि जीप पर सवार 33 वर्षीय संदर्भ कुमार पांडेय पुत्र कौशल किशोर पांडेय निवासी गांव कसारा, थाना कोपागंज, मऊ की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी पूजा पांडेय तथा सवा साल की पुत्री अनन्या बाल-बाल बच गई। इसके अलावा जीप में सवार संदीप शर्मा पुत्र महेश शर्मा निवासी पिलई, मनियर जिला बलिया, जितेंद्र दुबे पुत्र शंभू दुबे उदवत थाना हल्दी बलिया, राजेश गिलट बाजार शिवपुर वाराणसी, जवाहिर लाल थाना कैंट, शंकर तथा कल्लू कैंट वाराणसी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक ओमप्रकाश यादव मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेते हुए घायलों को निजी अस्पताल में भरती कराया। बताया गया है कि मृतक संदर्भ कुमार मुगलसराय में रहकर मोबाइल का कारोबार करते थे। बीती रात वह पत्नी और पुत्री के साथ वाराणसी आए और उनको गांव छोड़ने के लिए मऊ जा रहे थे लेकिन बीच रास्ते में वह हादसे का शिकार बन गए। थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त जीप को कब्जे में लेते हुुए आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। दूसरी सड़क दुर्घटना जमानिया कोतवाली क्षेत्र के भगीरथपुर गांव के पास हुई। मतसा संवाददाता के अनुसार भगीरथपुर गांव निवासी गणेश यादव का तीन वर्षीय पुत्र सुमित को तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंद दिया। तीसरी सड़क दुर्घटना सोमवार की सुबह सदर कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज रेलवे क्रासिंग के पास पुलिस लाइन मोड़ पर हुई। बताया गया है कि नंदगंज के सिसौड़ा गांव का 55 वर्षीय राजदेव राजभर बाइक से दवा लेने गाजीपुर आ रहा था। पुलिस लाइन मोड़ के पास पहुंचनेे पर सांड़ को बचाने के चक्कर मेें उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई जिससे वह गिर पड़ा। इसी बीच बनारस से गाजीपुर की ओर रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल िदया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गाजीपुर-वाराणसी राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया लेकिन पुलिस ने कुछ ही देर मेें जाम समाप्त करा दिया।