गाजीपुर/मुगलसराय। बक्सर रेलवे स्टेशन की अप मेन लाइन में गुरुवार की सुबह बक्सर -पटना-झाझा सवारी गाड़ी का इंजन बेपटरी हो गया। हादसा सवारी गाड़ी को शंटिंग ट्रैक से प्लेट फार्म पर ले जाने के दौरान हुआ। इसके चलते इस रूट पर करीब चार घंटे रेल यातायात ठप रहा। ट्रेनों को जगह जगह रोक दिया गया। बक्सर स्टेशन प्रबंधक कवींद्र पाठक ने बताया कि हादसे की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ पता चल पाएगा।
दानापुर मंडल क्षेत्र के बक्सर रेलवे स्टेशन के समीप सुबह 5 बजकर 45 मिनट पर बक्सर से पटना को जाने के लिए 510 डाउन बक्सर- पटना पैैसेंजर ट्रेन 6 से 5 लाइन (ट्रैक) पर जा रही थी। उसी दौरान पोल संख्या 661/ 27 के पास प्वाइंट टूटने से इंजन ट्रैक से उतर गया। इससे अप लाइन का आवागमन ठप हो गया। सूचना मिलते ही एआरटी की टीम पहुंच गई। इस बीच 8.30 बजे एडीआरएम रंधावा सुहाग पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद इंजन को वापस शंटिंग यार्ड में पहुंचाया गया। इसके बाद 9.25 से अप लाइन पर रेल यातायात शुरू हो सका। इस बीच 13005 अप पंजाब मेल डुमरांव पर खड़ी कर दी गई और विभूति एक्सप्रेस रघुनाथपुर में ही रोक दी गई। फरक्का कारीसाथ स्टेशन पर खड़ी रही। नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, कामाख्या धाम गांधी एक्सप्रेस, बक्सर मुगलसराय पैसेंजर सहित दर्जनों ट्रेनें आसपास के स्टेशनों पर रुकी रहीं।