दो अन्य घायल, जिला अस्पताल में भर्ती
मधुपुर/सुकृत। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बट गांव में सोमवार की भोर में सवारियों से भरी आटो खडे़ ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में तारा (43) और कमलावती (45) की मौत हो गई। जबकि दो व्यक्ति घायल हो गए। जिला अस्पताल में पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया।
घोरावल थाना क्षेत्र के सरवट गांव निवासी रमाशंकर (45) अपनी पत्नी तारा का उपचार कराने रविवार को वाराणसी गए थे। तारा के साथ उसकी भाभी कमलावती (45) और भतीजा धीरेंद्र (20) भी था। सोमवार की भोर में चारों उपचार कराकर आटो से वाराणसी से घर लौट रहे थे। सुकृत पुलिस चौकी के बट गांव में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सुबह करीब छह बजे आटो अनियंत्रित होकर सामने खड़े ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में तारा, कमलावती, रमाशंकर और धीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आटो चालक फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची सुकृत पुलिस घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां डाक्टर ने दोनों महिलाओं की नब्ज टटोलते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, रमाशंकर और धीरेंद्र को भर्ती कर लिया। सोमवार की दोपहर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।