जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार को एक सैनिक का शव मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना कोतवाली को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
शुक्रवार की सुबह लोगों ने मुहम्मदपुर गांव के पास रेलवे लाइन के पास एक युवक का शव देखा। इसकी जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। बाद में लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसआई नरेंद्र मिश्रा ने मृतक की तलाशी ली तो उसकी जेब से यूनिट का नंबर मिला। जिस पर उन्होंने संपर्क किया। इसके बाद यूनिट के लोगों ने घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और मृतक की शिनाख्त मुंगेर (बिहार) निवासी संतोष यादव (30 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संतोष बिहार रेजिमेंट में लांस नायक के पद पर मेंढर में तैनात था। मृतक के पिता रिटायर कैप्टन सुरेश यादव का कहना था कि 20 मई को रात 11 बजे मेरे बेटे संतोष ने फोन कर बताया कि मैं मुगलसराय आ गया हूं। बुधवार की सुबह मैं आपसे जमालपुर मिलूंगा। जब वह जमालपुर नहीं पहुंचा तो उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू करते हुए जिस नंबर से संतोष ने फोन किया था, उस पर संपर्क किया तो मालूम हुआ कि वह नंबर संजीव नाम के व्यक्ति का है। ट्रेन में साथ सफर कर रहे संजीव ने मृतक के पिता से बताया कि रात मैं सो रहा था। जगने पर यात्रियों ने मुझसे बताया कि ट्रेन में संतोष का किसी से झगड़ा हुआ था। उसके बाद से वह दिखाई नहीं दिया। खबर लिखे जाने तक इस मामले में मृतक के पिता की ओर से कोतवाली में तहरीर नहीं दी गई थी।