गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जिले के पुलिस विभाग के विशेष सहयोग से सोमवार को आत्म सुरक्षा के विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में मुख्य रूप से पंचिंग, किकिंग, ब्लॉकिंग एवं चॉकिंग आदि कौशलों को सिखाया गया। यह प्रशिक्षण स्थानीय प्रशिक्षक अलाउद्दीन एवं उनकी टीम की ओर से दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित कोतवाल राजीव कुमार ने छात्राओं को पुलिस प्रशासन की ओर से दी जाने वाली सेवाओं तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से संपर्क करने तथा उन्हें सहायता करने के प्रति आश्वस्त किया। अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. डॉ. सविता भारद्वाज ने छात्राओं को मनोयोग से सुरक्षा कौशलों को सीखने, निडर रहने तथा सैद्धांतिक के साथ-साथ व्यक्तिगत सुरक्षा के व्यवहारिक पहलुओं पर भी ध्यान देने की अपील की। कार्यक्रम के संयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के डॉ. अमित यादव, एनसीसी प्रभारी डॉ. शशिकला, रेंजर्स प्रभारी डॉ. शिवकुमार प्रमुख रूप से रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने किया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग से सब इंस्पेक्टर महिला थाना निधि गुप्ता एवं उनकी टीम उपस्थित रही। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. सत्येंद्र सिंह, डॉ. अकबर ए आजम, डॉ. संतन कुमार राम, डॉ. सारिका सिंह, डॉ. निरंजन यादव, डॉ. संगीता मौर्य, डॉ. कौशल किशोर श्रीवास्तव, डॉ. विकास सिंह, डॉ. हरेंद्र यादव आदि उपस्थित थे।