गाजीपुर। सिविल बार संघ में सोमवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नवागंतुक जिला एवं सत्र न्यायाधीश उमेश सिंह का स्वागत और अभिनंदन किया गया। स्वागत समारोह में नवागत जिला जज ने कहा कि अधिवक्ता एवं न्यायिक अधिकारी सामंजस्य स्थापित कर न्यायिक कार्य करें। न्यायिक अधिकारियों के साथ ही साथ अधिवक्ताओं का भी सम्मान होना चाहिए। किसी एक के अभाव में न्यायिक प्रक्रिया सुचारु रूप से नहीं चलाई जा सकती।
कहा कि अधिवक्ताओं की कोई समस्या हो तो उसके निराकरण के लिए वह हमेशा तत्पर रहेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि किसी को कोई परेशानी न हो। उन्होंने अधिवक्ताओं से बार और बेंच के बीच सामंजस्य बनाने की अपील की। स्वागत समारोह में रणजीत सिंह, रामाधार राय, राजेंद्र विक्रम सिंह, विजयशंकर राय, ह्रदयनारायण सिंह, रामपूजन सिंह, रामाश्रय सिंह, दयाशंकर यादव, ओमप्रकाश गुप्ता, मलिका बेगम आदि रहीं। सभा की अध्यक्षता अध्यक्ष विरेंद्र कुमार पांडेय और संचालन महासचिव अजयवीर सिंह यादव ने किया। इससे पहले बार संघ के अध्यक्ष एवं महासचिव ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। मालूम हो कि जिला जज श्री सिंह इससे पहले भी यहां इसी पद पर कार्यरत रह चुके हैं।