मनिहारी। शादियाबाद थाने के हंसराजपुर बाजार में मेडिकल स्टोर संचालक से रंगदारी मांगने को लेकर पुलिस ने एक नामजद सहित चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। घटना सोमवार की देर शाम की है। उधर मेडिकल स्टोर संचालकों के दबाव में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है। जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
शादियाबाद थाने के हंसराजपुर निवासी मेडिकल स्टोर संचालक अमित कुमार सिंह सोमवार की देर शाम अपनी दूकान पर थे। इस दौरान दो बाइक से चार युवक उनकी दूकान पर पहुंचे। कुछ देर तक खड़े रहे और 20 हजार रुपये रंगदारी देने को कहा। रंगदारी न देने पर दूकान संचालक की कनपटी पर तमंचा सटा दिया। इसके बाद संचालक ने गल्ले से छह हजार रुपये निकाल कर दिए और बाद में देने को कहा। बदमाशों के जाने के बाद दूकान संचालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक से पूछताछ की और रंगदारी मांगने वालों की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार को मेडिकल स्टोर संचालक अमित कुमार की तहरीर पर रंगदारी मांगने वाले संजय यादव तथा तीन अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है। जबकि संजय यादव को हंसराजपुर बाजार से गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।