जिले में शनिवार को 90 कोरोना संक्रमित पाए गए जिन्हें होम आइसोलेट किया गया। वहीं 111 संक्रमित मरीज स्वस्थ हुए। अब सक्रिय मरीजों की संख्या 735 पहुंच गई है। वहीं 5904 किशोरों को टीका लगाया गया। जबकि 1305 को बूस्टर डोज लगा। साथ ही 18 से 60 वर्ष के 4437 को कोरोना का पहला डोज और 34929 को दूसरा डोज लगा।
शनिवार की देर शाम आई रिपोर्ट में 90 कोरोना संक्रमित मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की टीम जहां सक्रिय हो गई, वहीं इनके संपर्क में आने वालों की सूची तैयार कर उनकी जांच करने की कार्रवाई भी तेज कर दी गई है, जिससे संक्रमण के फैलाव पर अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ ही अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाने का भी काम किया जा रहा है, जिससे उन्हें सुरक्षित किया जा सके। इस संबंध में एसीएमओ डा. उमेश कुमार ने बताया कि एहतियात के साथ सतर्कता काफी जरूरी है।