गाजीपुर। लॉकडाउन का पालन कराने को लेकर पुलिस काफी सख्त दिख रही है। बेवजह घरों से बाहर निकलकर घूमने वालों की खबर लेते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई भी कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को सदर कोतवाली, मुहम्मदाबाद और नंदगंज पुलिस ने बेवजह सड़कों पर घूमने पर 88 बाइकों का चालान करने के साथ ही 15 से अधिक का सम्मन शुल्क जमा कराया। पुलिस के इस कार्रवाई से बेवजह घूमने वालों में अफरातफरी मची रही।
यातायात प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने शनिवार ने नगर के विभिन्न मार्गों पर चेकिंग में लॉकडाउन उल्लंघन करते हुए बाहर बेवजह घूमने पर 62 बाइकों का चालान करने के साथ ही पांच सौ सम्मन शुल्क जमा कराया। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार, लॉकडाउन का पालन कराने को लेकर पुलिस काफी गंभीर दिखी। बिना किसी काम और बिना मास्क लगाए घूमने पर तहसील तिराहा पर पुलिस ने कई लोगों को नियम-कानून बताने का कार्य किया। कई युवकों को उठक-बैठक कराते हुए हिदायत दिया कि वह बेवजह बाहर न घूमे। कोतवाल अशेषनाथ सिंहने बताया कि बेवजह सड़कों पर घूमने पर 17 बाइकों का चालान किया गया। नंदगंज संवाददाता के अनुसार लॉकडाउन के दौरान सड़कों पर बेवजह घूम रहे लोगों को पुलिस ने कड़ी फटकार लगाते हुए घर वापस भेजने के साथ ही दोबारा बाहर न निकलने की हिदायत दी। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि थाना गेट का सामने चेकिंग के 9 बाइकों का चालान करने के साथ ही 15 हजार सम्मन शुल्क जमा कराया गया। कहा कि जो भी लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए घरों से बाहर घूमने नजर आएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।