गाजीपुर। संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के प्रयास से सरकारी प्राथमिक विद्यालयों का कायाकल्प किया जा रहा है। लार्सन एंड टूब्रो कंपनी लि. के (स्मार्ट वर्ल्ड एंड कम्युनिकेशन) की ओर से सामाजिक दायित्व निर्वहन के तहत जिले में कई दर्जन प्राथमिक विद्यालयों में कार्य कराया जा रहा है। इस संबंध में हो रहे आधुनिक विद्यालयों के कार्य की प्रगति का निरीक्षण करने मंगलवार को कंपनी की सीएसआर टीम प्रबंधक सलमा पहुंची।
उन्होंने एक बातचीत में बताया कि गाजीपुर जिले के प्राथमिक विद्यालयों में सबमर्सिबल से युक्त आरओ संयंत्रित पेयजल की सुविधा, छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय, खेलकूद की सामग्री, विद्यालयों में टाइल्स, आधुनिक स्तर के फर्नीचर की व्यवस्था के साथ रंग-रोगन, सफाई, प्राकृतिक वातावरण के तहत बागवानी को बढ़ाने का कार्य कंपनी की ओर से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के पुराने तथा जर्जर भवन की मरम्मत करवाकर उनका सुंदरीकरण भी किया जा रहा है। आगामी दिसंबर माह में 15 और पूरी तरह से आधुनिक पद्धति पर निर्मित विद्यालय लोकार्पण के लिए तैयार हो जाएंगे। आधुनिक भारत निर्माण में कंपनी की तरफ से कई तरह के अन्य कार्य भी कराए जा रहे हैं। इस अवसर पर एल एंड टी कंपनी (स्मार्ट वर्ल्ड एंड कम्युनिकेशन) के हरिनारायण, नीरज बिहारी, घनश्याम मणि तिवारी तथा भाजपा के मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा उपस्थित रहे।