सुहवल(गाजीपुर)। छात्रा को अगवा करने वाले आरोपी को पुलिस ने जमानिया रेलवे स्टेशन से सोमवार की सुबह अपहृत छात्रा के साथ गिरफ्तार कर लिया। वह छात्रा को कोलकाता ले जाने वाला था। इसकी सूचना मिलत ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और ट्रेन आने से पहले ही आरोपी को छात्रा के साथ धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी का चालान कर जेल भेज दिया है, जबकि छात्रा को मेडिकल मुआयना के लिए महिला चिकित्सालय लाया गया है। छात्रा को अगवा करने का मामला पांच माह पुराना है।
स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा हाईस्कूल में पढ़ती है। वह पिछले 25 फरवरी को अपने घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकली थी। जब देर शाम घर नहीं लौटी थी, तो परिवार के लोगों को उसकी चिंता सताने लगी। लोगों ने क्षेत्र में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चला था। इसी दौरान आईटीआई की पढ़ाई करने वाले छात्र का छात्रा के घर फोन आया कि लड़की हमारे पास है। होशियारी दिखाने की कोशिश मत करना। इतना कहने के बाद फोन कट गया था। इससे परिवार के लोग और परेशान हो गए थे। भयवश कई दिनों तक किसी से घटना की चर्चा नहीं की। 10 मई को छात्रा के पिता ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ नामजद अपहरण की तहरीर पुलिस को दी। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई थी। इसी दौरान सुबह मुखबिर ने पुलिस को बताया कि अपहरणकर्ता छात्रा को लेकर जमानिया रेलवे स्टेशन से कहीं जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा है। इसके बाद दारोगा असगर अली के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल ज्योति पांडेय, सुभाष यादव आदि पुलिस कर्मी मौके पर सादे वेश में पहुंच गए और संदिग्ध परिस्थितियों में प्लेटफार्म नंबर दो पर बैठे अपहरणकर्त्ता को पकड़ लिया और थाने ले आई। इसकी सूचना छात्रा के परिवार वालों को दी गई। कुछ ही देर में परिजन थाने पहुंच गए। आरोपी छात्र से पूछताछ के उपरांत पुलिस ने लिखा-पढ़ी के बाद उसे जेल भेज दिया। जबकि छात्रा को मेडिकल मुआयना के लिए महिला आरक्षी की निगरानी में महिला जिला चिकित्सालय भेजा गया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रामबहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी छात्र को जेल भेज दिया गया है। अपहृत छात्रा का जल्द ही मजिस्ट्रेट के यहां 164 के तहत कमलबंद बयान दर्ज होगा। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।