सैदपुर। वीरबहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के परिसर में रविवार को आयोजित अंतर महाविद्यालयीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में मेघबरन सिंह पीजी कालेज करमपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता के ओवरऑल खिताब पर अपना कब्जा कर लिया। टीम के वापस लौटने पर मंगलवार को कालेज में आयोजित कार्यक्रम में विजयी प्रतिभागियों का स्वागत किया गया।
अंतर महाविद्यालयीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कॉलेज के शादाब हुसैन ने 63 किग्रा, युवराज सिंह ने 68 किग्रा, 80 किग्रा में दिलीप गुप्ता और 87 किग्रा में शुभम मिश्रा ने स्वर्ण पदक, रविकांत, डबलू कुमार ने रजत और अनुराग यादव एवं आनंद राजभर ने कांस्य पदक जीता। बालिकाओं में अनन्या शर्मा ने 46 किग्रा एवं साक्षी गुप्ता ने भी स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में 6 स्वर्ण पदक जीत कर 45 अंक बटोरने में सफल करमपुर के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बाजी मारी। प्रतियोगिता में शानदार सफलता प्राप्त करने के बाद वापस लौटने पर आज पीजी कालेज करमपुर में महाविद्यालय प्रशासन और प्रबंधतंत्र की तरफ से प्रतिभागी टीम का स्वागत किया गया। प्राचार्य डॉ. नागेंद्र पाठक ने कॉलेज परिसर में सभी को सम्मानित कर मुंह मीठा कराया। उन्होंने सफलता का सारा श्रेय ताइक्वांडो कोच अमित कुमार सिंह को देते हुए कहा कि कोच के परिश्रम से कॉलेज के खिलाड़ियों ने अपनी श्रेष्ठता साबित की है। कालेज के प्रबंधक ठाकुर तेजबहादुर सिंह ने जल्द ही विश्वविद्यालय से संपर्क कर कालेज परिसर में ताइक्वांडो कैंप आयोजित कराने की बात कही।