लखनऊ के मलिहाबाद के जहरीली शराब कांड के मद्देनजर जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी रामकुमार के नेतृत्व वाली टीम ने मंगलवार को जिले के विभिन्न हिस्सों में
दो नंबरी दारू के अड्डों पर छापेमारी की। इस दौरान ईंट-भट्ठों पर शराब के साथ आठ महिलाएं पकड़ी गईं। उनके कब्जे से 35 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। मौके पर मिले 25 कुंतल लहन के साथ भट्ठियों को
नष्ट करते हुए शराब बनाने के उपकरण जब्त कर लिए। पकड़ी गई महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बाद में उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ गया।
सर्किल तीन के आबकारी निरीक्षक संतोष कुमार ने मंगलवार को थानाध्यक्ष बरेसर राहुल शुक्ला के साथ बरेसर थाना क्षेत्र के बरेसर, सेउरी अमहट, कुसुमपुर बड़ागांव क्षेत्र स्थित पांच ईंट-भट्ठों पर
ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान इन ईंट-भट्टों पर शराब के साथ आठ महिलाएं पकड़ी गईं जिसमें मालती देवी, बुधनी, काजल, करिश्मा, फुलवा, ममता आदि शामिल हैं।
इनके कब्जे से कुल 35 लीटर कच्ची शराब तथा शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए जिसे टीम ने जब्त कर लिया। मौके पर बरामद हुई 25 कुंतल लहन को मौके पर ही नष्ट करते हुए शराब की भट्ठियां तोड़ीं गई।
आबकारी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को देखकर शराब बनाने के गोरखधंधे में शामिल आरोपियों में हड़कंप मचा रहा। इसी प्रकार सैदपुर तथा शहर सर्किल के ईंट-भट्ठों पर की गई छापेमारी में दस आरोपी पकडे़ गए।
उनके कब्जे से भी भारी मात्रा में कच्ची शराब और लहन बरामद हुआ।