नंदगंज। नवरात्र शुरू होते ही शक्ति स्वरूपा के पूजन-अर्चन की धूम शुरू हो गई है। परंपरा के मुताबिक इस साल भी नवरात्र के पहले दिन ही वैदिक मंत्रोचार के बीच मां शेरावाली के पट खोले गए। इस दौरान मां के जयकारे से पूरा बाजार भक्तिमय हो गया। पंडालों में देवी मां की पूजा- अर्चना के लिए भक्तों की लंबी कतार लग गई। यह सिलसिला सुबह से देर शाम तक चलता रहा। मुख्य बाजार तथा पंडालों के पास सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई है।
मंगलवार को नंदगंज बाजार स्थित पंडालों में मां शेरावाली की प्रतिमा स्थापित की गई है। मंगलवार को पट खोलने के साथ ही पूजन-अर्चन शुरू कर दिया गया है। शाम को होने वाली आरती को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। यहां लगातार नौ दिनों तक देवी मां के दर्शन-पूजन की धूम रहेगी। जानकारों की माने तो नंदगंज बाजार में वर्षों से नवरात्र के पहले दिन से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजन-अर्चन का कार्य प्रारंभ होता है। पश्चिम रेलवे क्रॉसिंग के पास सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति और शादियाबाद मोड़ पर मां दुर्गा पूजनोत्सव समिति, स्टेशन चौराहा स्थित सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति और सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति चोचकपुर तिराहे पर बनाए गए पंडालों में देवी की प्रतिमा स्थापित की गई है। विधिवत मंत्रोच्चार के बाद शाम को मां की आंखों पर बंधी पट्टी को खोल दिया गया। इसके बाद दर्शन-पूजन का कार्य प्रारंभ हो गया। शाम को मां का दर्शन करने के लिए पंडालों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पंडाल और आसपास सजे बिजली का झालर अपनी छंटा बिखेर रहे थे। भक्ति गीतों से आसपास का वातावरण पूरी तरह से देवीमय बना रहा। लगातार नौ दिनों तक देवी तक देवी के दर्शन-पूजन की धूम रहेगी।