गाजीपुर। भाकपा (माले) जिला स्थायी कमेटी की बैठक शहर के तुलसीसागर स्थित भाकपा (माले) जिला कार्यालय पर गुरुवार को हुई। इसमें मजदूर दिवस पर एक मई को जिला पूर्ति अधिकारी एवं श्रमायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में केंद्रीय कमेटी के सदस्य ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि देश में बढ़ रहे दलितों, गरीबों पर हमला संविधान पर सबसे बड़ा खतरा है। सामाजिक न्याय, रोजगार, लोकतंत्र, संविधान के सवाल को लेकर गांव-गांव में अभियान चला कर भाजपा हटाओ-संविधान बचाओ, जन गोलबंदी करते हुए भाकपा (माले) बड़ा जनांदोलन करेगी। भाकपा (माले) जिला सचिव रामप्यारे राम ने कहा कि शिवपुर का राय सेमरा में कटान पीड़ितों के आंदोलन का समर्थन किया गया है। कहा कि श्रम कानूनों में संशोधन करा कर सरकार मजदूरों के अधिकारों में कटौती कर रही है। मजदूरों को 90 दिन काम की बाध्यता का दिन समाप्त कर मजदूरों का रजिस्ट्रेशन किया जाए। मनरेगा, ईंट भट्ठा मजदूरों का कै ंप लगा कर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया जाए। अकाल मृत्यु पर मजदूरों को प्राथमिक स्तर पर मुआवजा दिया जाए। कहा कि राशन कटौती, आधार कार्ड को लिंक से जोड़ने की मांग को लेकर एक मई को श्रम कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर योगेंद्र प्रताप भारती, राजेश बनवासी, नंदकिशोर बिंद, लालबहादुर बागी, हंसा देवी, विजयी बनवासी, रामप्रवेश कुशवाहा आदि उपस्थित थे।