दिलदारनगर। लोकसभा चुनाव में इस बार का प्रत्याशी कैसा हो, इसे लेकर लोगों की राय है कि वह उम्मीदवार बाहरी नहीं होना चाहिए जो वोट लेकर पलायन कर जाय। कम से कम वह लोगों की समस्याओं को सुने तथा जरूरत पड़ने पर आसानी से मिल जाय। अवसरवादी लोगों को नापसंद किया जा रहा है। विकास करने वाला और भ्रष्टाचार से मुक्त ईमानदार छवि के प्रत्याशी को लोग अपनी आवश्यकता बता रहे हैं।
वरिष्ठ शिक्षिका वीणा सिंह ने कहा कि लोकसभा का चुनाव में चुने जाने वाला सांसद उम्मीदवार शिक्षित और समझदार होना चाहिए। वह लोगों की समस्याओं को समझ सके। महिलाओं के उत्थान के लिए सोच रखता हो । इसके साथ ही विकास को गति देने वाले ही प्रत्याशी को हम जिताएंगे।
डा. मनोज सिंह ने कहा कि लोगों की बुनियादी समस्याओं को तत्काल समाधान हो इसके लिए कार्य करने वाले उम्मीदवार को जमता पसंद करेगी। जाति धर्म से ऊपर उठ कर सड़क, बिजली, पानी जैसे सुविधाओं को सुलभ करा सके ऐसा सांसद होना चाहिए हमारा। कुछ प्रत्याशी सिर्फ चुनाव के समय ही दिखाई देते है जो हमारी पसंद नहीं हो सकते।
नौशाद खां ने कहा कि युवाओं को शिक्षा में किसी प्रकार की रुकावट पैदा ना हो उनके लिए शिक्षण संस्थान की सुविधा दिला सके। बेरोजगार लोगों के लिए रोजगार की व्यवस्था करा सके ऐसे सांसद का चुनाव किया जाना आवश्यक है। अवसरवादी जनप्रतिनिधियों का हम अपने क्षेत्र से बहिष्कार करेंगे।
सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि बेटियों के लिए पढ़ाई लिखाई, सुरक्षा तथा रोजगार जैसी सुविधाओं को दिलाने वाला उम्मीदवार ही हमारा सांसद होगा। युवाओं में देश बदलने की क्षमता होती है। हमारा नेता जुझारू होना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी को अपने मत का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।