गाजीपुर। नगर पालिका द्वारा नगर के मिश्रबाजार तिराहे पर बने गोलंबर के सुंदरीकरण के लिए तोड़फोड़ कराई जा रही है। जैसे ही इसकी जानकारी ह्यूमन मर्सी जनहित सेवा संस्थान के सदस्य मोहम्मद अनस को हुई, उन्होंने इससे जिलाधिकारी को अवगत कराया। डीएम के निर्देश पर मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी ने कार्य को रुकवा दिया।
जिलाधिकारी को दिए गए पत्रक में ह्यूमन मर्सी जनहित सेवा संस्थान के सदस्य मोहम्मद अनस ने कहा कि तत्कालीन जिलाधिकारी संजय खत्री ने जिले के सभी प्रतिष्ठित संस्थानों एवं व्यापार मंडल के साथ बैठक की थी। इसमें कहा था कि जिले के सुंदरीकरण के लिए आप लोग आगे आएं। तिराहों-चौराहों को गोद लेकर इसका सुंदरीकरण कराएं। इस पर संस्थान द्वारा नगर के मिश्रबाजार तिराहा के सुंदरीकरण का कार्य लाखों रुपया खर्च कर कराया गया था। इससे नगरवासियों में खुशी थी। शुक्रवार की सुबह नगर पालिका द्वारा बिना कोई सूचना दिए अवैध ढंग से निर्माण कार्य को तुड़वाकर नया निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया। इसकी सूचना मैने तत्काल जिलाधिकारी को दी। डीएम के निर्देश पर मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने तत्काल प्रभाव से कार्य रुकवा दिया। कहा कि अगर अविलंब तिराहा को यथावत स्थिति में नहीं कराया गया तो ह्यूमन मर्सी जनहित सेवा संस्थान नगर वासियोें के साथ नगर पालिका के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए नगर पालिका परिषद के जेई द्वारा अवैध ढंग से नया कार्य कराया जा रहा है। संबंधितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। इस संबंध में उप जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर कार्य को रुकवाया गया था।