महागठबंधन का भाजपा पर नहीं पड़ेगा कोई असर
खानपुर(गाजीपुर)। भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने कहा कि विपक्षी दलों का महागठबंधन बनने से आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा पर कोई असर पड़ने वाला नहीं है। कुंठित मानसिकता वाले लोगों का यह गठबंधन है। लोकसभा चुनाव में यह गठबंधन भाजपा के सामने टिक नहीं पाएगा। ये बातें उन्होंने अपने पैतृक गांव मलिकपुर में मंगलवार की शाम मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर पहुुंचे पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
एक सवाल के जवाब में श्री मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार विकास की नई इबारत लिख रही है। उनके कुशल नेतृत्व में पार्टी वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर पूरे देश में सफलता का परचम लहराएगी। पार्टी और सरकार की लोकप्रियता से विपक्षी दल घबराए हुए हैं। अपने बड़े भाई सूर्यनाथ मिश्र के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन का कार्यक्रम रद्द होने पर उन्होंने कहा कि दल के लोग उनके परिवार के प्रति संवेदनशील हैं।