गहमर कोतवाली क्षेत्र के सतरामगंज बाजार स्थित उपडाकघर के मुख्य गेट के बाहर शनिवार को चबूतरे पर खड़ी एजेंट की बाइक से डिग्गी तोड़कर उचक्कों ने 60 हजार रुपये उड़ा दिए। साथ ही अन्य सामान पर ही हाथ साफ कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मनिया गांव निवासी शाहरुख खान उप डाकघर में एजेंट का कार्य करता है। सुबह शाहरुख कलेक्शन किए हुए रुपये के साथ उप डाकघर पहुंचे और मुख्य गेट के बाहर चबूतरे पर बाइक खड़ी कर अंदर चले गए। थोड़ी देर बाद जब लौटे तो बाइक की डिग्गी खुली थी और बैग गायब था। पीड़ित ने बताया कि बैग से 60 हजार नकदी, पासबुक और खाता संबंधित कागजात गायब थे। साथ ही उसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित कई अन्य महत्वपूर्ण कागजात थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस पूछताछ के बाद छानबीन में जुट गई। कोतवाल अशेषनाथ सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।