गाजीपुर। वाराणसी खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। जिले में दोनों सीटों के 34 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला 56,477 मतदाता करेंगे। मतदान के लिए जिले में कुल 70 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए सात जोनल और 19 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बृहस्पतिवार को जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर से मतदान सामग्री के साथ पोलिंग पार्टियां संबंधित बूथों के लिए रवाना होंगी।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में नाम वापसी की प्रक्रिया नौ अक्तूबर को पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो गई थी। अब मतदान से पहले प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। शिक्षक एमएलसी के लिए 6,194 मतदाता : वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 10 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां 4,901 पुरुष और 1,293 महिला सहित कुल 6,194 मतदाता हैं। इनके मतदान के लिए जिले में 18 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इस सीट पर भी सपा की ओर से मौजूदा एमएलसी मैदान में हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों का मतदान शुक्रवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतों की गिनती 27 अक्तूबर को वाराणसी में निर्धारित मतगणना स्थल पर की जाएगी।