दिलदारनगर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के नगसर मीर राय गांव के पास शनिवार की रात अपनी बुआ के लड़के के छेका में जा रहा एक छात्र साइकिल सहित कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि उसका छोटा भाई साइकिल से कूदने की वजह से बाल-बाल बच गया। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
नगसर मीर राय गांव निवासी रमेश पांडेय का पुत्र अमन पांडेय (14) एवं उसका छोटा भाई साइकिल से गांव के बगल में स्थित असाव गांव में अपनी बुआ के लड़के के छेका में भाग लेने के लिए साइकिल से जा रहे थे। अमन साइकिल चला रहा था, जबकि उसका छोटा भाई पीछे बैठा था। रात करीब साढ़े सात बजे जैसे ही गांव के बाहर सड़क किनारे स्थित कुएं के पास पहुंचे, साइकिल अनियंत्रित होकर कुएं की तरफ जाने लगी। इसी बीच पीछे बैठा भाई कूद गया, जबकि अमन साइकिल सहित कुएं में गिर पड़ा। उसके गिरते ही छोटा भाई शोर मचाने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों ने बालक के परिवार वालों को सूचना दी। कुछ ही देर बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। काफी प्रयास के बाद लोगों ने अमन को कुएं से बाहर निकाला। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर जिला अस्पताल आए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। मौके पर मौजूद ग्रामीण बिलख रहे लोगों को सांत्वना देने में जुटे रहे। पूरी रात गांव के सन्नाटे में परिवार के लोगों के रोने की आवाज गूंजती रही। मृतक अमन जगजीवन राम इंटर कालेज में कक्षा-नौ का छात्र था। दो भाइयों में बड़ा था। रविवार की सुबह परिवार के लोगों ने ग्रामीणों से बातचीत करने के बाद पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया कि ऐसा कोई मामला उसके संज्ञान में नहीं है और न ही किसी ने सूचना या कोई तहरीर दी है।