दिलदारनगर(गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शनिवार की सुबह मजिस्ट्रेट चेकिंग की गई। इस दौरान नियम-कानून की अनदेखी करने पर 32 लोगों को पकड़ा गया। जुर्माना जमा करने पर 26 लोगों को छोड़ दिया गया, जबकि छह लोगों को वाराणसी जेल भेज दिया गया। चेकिंग के चलते स्टेशन पर अफरा-तफरी मची रही।
रेलवे मजिस्ट्रेट मुगलसराय वीरेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर दिन में साढ़े 10 बजे से चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इस दौरान ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने, अवैध रूप से समान बेचने, विकलांग, महिला बोगी, पायदान पर यात्रा करने तथा धूम्रपान करने के जुर्म में 32 लोगों को पकड़ा गया। इसमें 26 लोगों को 17 हजार जुर्माना अदा करने पर छोड़ दिया गया, जबकि जुर्माना अदा न करने पर छह लोगों को रेल की विभिन्न धारा में गिफ्तार कर रेल अधिनियम के तहत वाराणसी जेल भेज दिया गया। चेकिंग के चलते साढ़े चार घंटा तक स्टेशन पर अफरा-तफरी मची रही। चेकिंग अभियान में दानापुर, बक्सर चेकिंग टीम के साथ स्थानीय आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार एवं जीआरपी प्रभारी डीपी यादव शामिल रहे। रेलवे मजिस्ट्रेट मुगलसराय वीरेंद्र कुमार यादव ने कहा कि चेकिंग अभियान लगातार चलता रहेगा। इस दौरान जो भी नियम के विरुद्ध यात्रा करते हुए पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।