नंदगंज(गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव के सामने गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर सोमवार की देर शाम तेज रफ्तार कार और बोलेरो में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में जहां कार सवार युवक की मौत हो गई, वही दोनों वाहनों में सवार आठ लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल लाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
वाराणसी के बरईपुर निवासी रघुनाथ के पुत्र राकेश (30) कार से गाजीपुर की तरफ से वाराणसी की ओर जा रहे थे। जबकि सोनभद्र के माधोपुर निवासी एक परिवार के लोग किसी को सर्प डसने पर झाड़फूंक कराने के लिए गाजीपुर स्थित अमवा के सती माई जाने के लिए गाजीपुर की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान शाम को करीब छह बजे कुंवरपुर गांव के पास कार और बोलेरो की आमने-सामने तेज टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लौग दौड़कर मौके पर पहुंचे और तत्काल दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दुर्घटना में कार में सवार राकेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। बोलेरो में सवार रानी देवी (34), सुनीता (40), मंजीत कुमार (30), रामजन्म (34), संजू देवी (30), योगेश (40) और राजेश (40) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदगंज लाया गया। कार सवार मनोज को छोड़कर चिकित्सकों ने बोलेरो सवार सभी घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। टक्कर से कार के एक तरफ का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था और मनोज का शव मलबा में फंसा था। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कार से बाहर निकाला और थाना लाई। पुलिस ने दुर्घटना की जानकारी मृतक के परिवार वालों को दी। दुर्घटना के चलते क्षतिग्रस्त वाहन के मार्ग पर होने से काफी देर तक आवागमन में अवरोध बना रहा।