जंगीपुर (गाजीपुर)। स्थानीय पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम देवकठिया गांव स्थित पुल के पास से दो सप्ताह पूर्व ट्रक तथा उस पर लदी लाखों रुपये की सरिया गायब होने के मामले में ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर खाली ट्रक और सरिया भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों को पकड़ने के बाद जेल भेज दिया और इस जालसाजी में लिप्त ट्रक मालिक की तलाश में जुट गई है।
भांवरकोल थाना क्षेत्र के कठार गांव निवासी ट्रक मालिक आनंद यादव ने जंगीपुर थाने में बीते 25 जून को रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 14 जून को उसके ट्रक का खलासी और चालक बंगाल के दुर्गापुर से सरिया लादकर आजमगढ़ जा रहे थे। इसी बीच जंगीपुर के शेखपुर पुल के पास से रास्ते में ट्रक सहित सरिया गायब हो गई। ट्रक पर पांच टन सात कुंतल सरिया लदा था। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई थी। ट्रक स्वामी लगातार थाने आकर यह पता लगाता रहा कि ट्रक के संबंध में कुछ पता चला या नहीं। इसी बीच बीते 30 जून को पुलिस ने वाराणसी के टेगरा मोड़ से ट्रक को बरामद कर थाने ले लाई। पुलिस ने ट्रक स्वामी को ट्रक बरामदगी की सूचना देने के लिए लगातार उसका मोबाइल नंबर मिलाती रही, लेकिन वह बंद मिला। चालक और खलासी की गिरफ्तारी में पुलिस लगी थी। इसी बीच शुक्रवार की देर शाम करीब सात बजे प्रभारी थानाध्यक्ष असगर अली को मुखबिर से सूचना मिली कि गायब ट्रक का खलासी और चालक देवकठिया पुल के पास किसी दुकान पर बैठकर अपने मालिक का इंतजार कर रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस वहां पहुंची और दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद थाना लाई। इस संबंध में थाना प्रभारी असगर अली ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने नाम बक्सर जिला के सारिम छोटकी निवासी चालक राजेश यादव तथा बक्सर के ही सेमरी थाना के राजापुर गांव निवासी सुग्रीव पासवान बताया। कड़ाई से पूछताछ में चालक ने बताया कि वह खाली ट्रक को वाराणसी के टेगरा मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़ा किया है और उस पर लदा सरिया भांवरकोल के कठार गांव के पास एक सुनसान स्थान पर रखा गया है। एसपी सिटी प्रदीप दुबे ने बताया कि पूरी घटना ट्रक मालिक की योजना के तहत हुआ है। सरिया की कीमत करीब साढ़े तीन लाख है। चालक की निशानदेही पर सरिया बरामद कर लिया गया है। सरिया के मालिक आजमगढ़ निवासी अशफाक अहमद को इसकी सूचना दे दी गई है। बताया कि चालक और खलासी का चालान कर दिया गया है। चालक के बयान पर जालसाज मालिक की तलाश शुरू कर दी गई है।
....