जमानिया (गाजीपुर)। वाराणसी मंडल के आयुक्त नितिन रमेश गोकर्ण ने शनिवार की शाम को स्थानीय तहसील के ग्राम बेटावर में चौपाल लगाकर कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान ग्रामवासियों की शिकायतों को सुना। उन्होंने संपर्क मार्ग, ग्रामीण विद्युतीकरण, स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत निर्मित व्यक्तिगत शौचालयों की स्थिति की जानकारी, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास, स्वच्छ पेयजल, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना, नि:शुल्क बोरिंग आदि लाभकारी योजनाओं के बारे में उपस्थित ग्रामीणों से जानकारी ली।
गांव में बिजली आने के शिड्यूल की जानकारी लेने पर बताया गया कि लगभग 14 से 16 घंटे की
आपूर्ति है। स्वच्छ भारत अभियान में 1263 शौचालय का निर्माण कराया गया है और किस्त वाइज लाभार्थियों के खाते में धनराशि भेजी जा चुकी है। स्वच्छ पेयजल के बारे में बताया गया कि 77 हैंडपंप में 7 हैंडपंप का रिबोर ग्राम पंचायत की ओर से किया गया है। प्राथमिक विद्यालय बेटावर द्वितीय में शौचालय एवं हैंडपंप की सफाई कराते हुए ठीक कराने का निर्देश बेसिक शिक्षाधिकारी को दिया। पेंशन के संबंध में जानकारी लेते हुए पात्र लाभार्थियों का चयन करते हुए पेंशन देने को कहा। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी के साथ भेद-भाव न करते हुए पात्र व्यक्तियों को ही लाभकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। पेंडिंग पड़े कार्यो का तत्काल निस्तारण किया जाय। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा, अपर आयुक्त वाराणसी, मुख्य विकास अधिकारी चंद्रविजय सिंह, जिला विकास अधिकारी राकेश पांडेय, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सत्यप्रकाश मिश्रा, क्षेत्राधिकारी, एआर सहकारिता डा. पीके सिंह आदि उपस्थित थे।