गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 2025 की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन घोषित 203 परीक्षा केंद्रों के संबंध में आई कुल 428 आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया तेज गति से चल रही है। मानक पूरा नहीं करने वाले जो विद्यालय केंद्र बना दिए गए हैं, उन्हें निरस्त किया जाएगा।
निरस्त किए जाने वाले केंद्रों के स्थान पर नए केंद्र बनाए जाएंगे। समितियों की ओर से निस्तारण कर बोर्ड को 23 नवंबर तक रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है। मंगलवार तक इन समितियों की तरफ से लगभग 50 प्रतिशत निस्तारण पूरा कर लिया गया था।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रधानाचार्यों की ओर से जो आपत्तियां की गई हैं, उनमें लगभग 150 विद्यालय ऐसे हैं जिन्हें परीक्षा केंद्र बनाने की मांग की गई है। ये विद्यालय पूर्व में परीक्षा केंद्र बनते रहे हैं और मानक भी पूर्ण करते हैं। इसके अलावा लगभग 15 आपत्तियां ऐसे विद्यालयों के संबंध में की गई हैं जो मानक पूर्ण नहीं कर रहे हैं।
इनमें चार राजकीय इंटर एवं हाईस्कूल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त लगभग सौ विद्यालय ऐसे हैं जिनका केंद्र मानक से दूर चला गया है। उसे नजदीक करने की मांग की गई है। शेष 50 से अधिक विद्यालयों की शिकायत यह है कि उनके केंद्र पर क्षमता से अधिक छात्रों का आवंटन कर दिया गया है।
परीक्षार्थियों की संख्या कम करने की मांग की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र ने बताया कि 23 नवंबर तक सभी आपत्तियों का निस्तारण कर दिया जाएगा। इसके लिए तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समितियां कार्य कर रही हैं।