जमानिया। हेतिमपुर गांव स्थित पीडब्लूडी डाक बंगला में रविवार को उत्तर प्रदेश एवं बिहार के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। इसमें कानून-व्यवस्था को लेकर दोनों प्रांत के अधिकारियों ने अपनी बातों को साझा किया। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए दोनों प्रांत की पुलिस को संयुक्त रुप से बार्डर के इलाके में कार्रवाई करने की बात भी कही गई। इस दौरान शराब तस्करी पर भी रोक लगाने के लिए एक-दूसरे की मदद करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि उत्तर प्रदेश-बिहार पुलिस का संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप होगा, जिससे दोनों प्रांतों में अपराध होने पर इसकी सूचना दी जा सके। ताकि अपराध एवं अपराधियों पर नकेल कसी जा सके। यही नहीं लोकसभा चुनाव के पहले ही बार्डर इलाके में दोनों प्रांतों की पुलिस द्वारा बैरियर लगाने के साथ ही पिकेट बनाकर सघन जांच की जाएगी। सीमावर्ती ढाबा, शराब की दुकानों एवं अन्य जगहों भी चेकिंग चलती रहेगी। दोनों प्रांत के अंतरराज्यीय अपराधियों की सूची भी दोनों जगहों की पुलिस एक-दूसरे को देगी। इस संबंध में एसडीएम बक्सर केके उपाध्याय ने बताया कि बैठक सार्थक रही है। दोनों प्रांतों की टीम एक साथ कंधे से कंधा मिला कर कार्य करेगी जिससे अपराध में कमी आएगी। एआरओ रमेश मौर्य ने कहा कि बार्डर क्षेत्र पर गश्त बढ़ाई जाए और जरूरत के अनुसार पिकेट लगाएं। उन्होंने स्पष्ट आदेश दिया कि हर कीमत पर बार्डर सील होंगे। क्षेत्राधिकारी कुलभूषण ओझा ने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर हुई चर्चा में क्षेत्र के कुछ जगहों पर अवैध गतिविधि की जानकारी मिली है। गश्त बढ़ाई गई है। इस अवसर पर डीएसपी बक्सर सतीश कुमार, तहसीलदार जमनिया आलोक कुमार, थानाध्यक्ष सुहवल राजू कुमार, थानाध्यक्ष दिलदारनगर विवेक श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष सुशील यादव, कोतवाल जमानिया दिलीप कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।