गाजीपुर। महाशिवरात्रि पर भोर से ही शहर सहित ग्रामीण इलाके के प्रमुख शिवालयों में आस्था का जलसैलाब उमड़ पड़ा। मंगलवार को गंगा स्नान के बाद भोर से पूजा-पाठ का सिलसिला शुरू हुआ, वह देर शाम तक चलता रहा। महाहर धाम में पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने त्रिनेत्रधारी का जलाभिषेक और दूधाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस बीच भक्तों द्वारा भगवान शंकर का जयघोष किया गया। जिससे आसपास का वातावरण शिवमय बन गया। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
सूर्योदय के साथ ही शिवभक्तों के पांव जब शिवालय की ओर बढे तो भीड़ और अधिक हो गई। मौसम खराब होने के बावजूद सुबह से शाम तक शिवालय श्रद्धालुओं से गुलजार रहा। शहर के गोराबाजार स्थित बूढ़ा महादेव मंदिर, लालदरवाजा स्थित शिव मंदिर, मिश्रबाजार स्थित अतिप्राचीन शिव मंदिर, लालदरवाजा स्थित शिव मंदिर, रायगंज स्थित अमरनाथ, चीतनाथ, नवाबगंज स्थित शिव मंदिर अन्य शिव मंदिरों में पहुंचे भक्तों ने शिव के चरणों में फूल-माला अर्पित करने के साथ ही जलाभिषेक कर उनकी आराधना की। मरदह संवाददाता के अनुसार महाहर धाम पर भोर से ही शिव के दीवानों के पहुंचने का क्रम शुरु हो गया। नौ बजते-बजते मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भर गया। जलाभिषेक के लिए लंबी लाइन लगी थी। बाबा के दर्शन के लिए भक्तों को घंटों कतार में खड़े रहना पड़ा। मंदिर के द्वार पर मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा लोगों को एक के बाद एक जलाभिषेक कराया जा रहा था। करीमुद्दीनपुर और दुबिहां संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के नागेश्वर महादेव मंदिर, ऊंचाडीह, बूढ़वा महादेव, झारखंडे महादेव तथा लखेश्वरडीह और कामेश्वर नाथ धाम पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मत्था टेका जमानिया तथा मतसा संवाददाता के अनुसार महेवा गांव स्थित बाबा महेश्वर नाथ के मंदिर में भक्तों भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर का जलाभिषेक कर मन्नतें मांगी। देवकली संवाददाता के अनुसार गंगा के तटवर्ती क्षेत्र चकेरी धाम पर श्रद्धालुओं का रेला उमड़ा। भक्तों ने जलाषिभेक के साथ ही औघड़दानी को भांग, धतूरा आदि चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके अलावा जखनिया, मुहम्मदाबाद, दिलदारनगर, दुल्लहपुर, सेवराई, बिरनो, जंगीपुर, बहरियाबाद, शादियाबाद, मनिहारी, सुहवल, सैदपुर, औड़िहार, खानपुर, सादात, भीमापार, जखनिया, करंडा कासिमाबाद, नंदगंज, गहमर, बहादुरगंज सहित जिले के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में महा शिवरात्रि पर्व की धूम रही। लोगों ने दर्शन-पूजन कर शिव से अपने और परिवार के मंगल की कामना की। कई ग्रामीण क्षेत्रों में 14 फरवरी को पर्व को मनाया जाएगा।
मेला में उमड़ी भीड़
गाजीपुर। महाशिवरात्रा के मौके पर शहर के गोराबाजार स्थित बूढ़ा महादेव मंदिर और मरदह स्थित महाहर धाम में हर वर्ष की तरह इस साल भी मेला का आयोजन किया गया। मेला में खिलौना, चाट-पकौड़ी, श्रृंगार के सामानों सहित अन्य दुकानें लगाई गई थी। इसके अलावा बच्चों के लिए झूला भी लगा था। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने जहां मेले में विभिन्न सामानों की खरीदारी की। वहीं बच्चों ने अपने अभिभावकों से जिद्द कर खिलौना, गुब्बारे की खरीदारी कराने के साथ ही झूले का आनंद उठाया। मेला में अच्छी भीड़ की वजह से दुकानदारों की चांदी रही।
भव्य रूप से सजाया गया था मंदिरों को
गाजीपुर। महाशिवरात्रि के मौके पर प्राय: सभी शिवालयों पर भक्तों की चहल-पहल बनी रही। इस मौके पर पूजा कमेटियों द्वारा बाबा का भव्य श्रृंगार कराने के साथ ही मंदिरों को फूल-माला और बिजली के झालरों सजवाया गया था। छोटा हो या बड़ा, सभी शिवालयों फूल-माला, झालरों के साथ ही गुब्बारा आदि से सजावट की गई थी, जो बरबस ही भक्तों को अपनी तरफ आकर्षित कर रही थी। रात में कई मंदिरों पर कीर्तन-भजन का आयोजन किया गया था। किसी मंदिर पर प्रसाद के रूप में भक्तों को गाजर का हलवा उपलब्ध कराया गया तो किसी पर बुनिया, फल आदि।
हाथों में दिखी पूजा की थाली
गाजीपुर। महाशिवरात्रि पर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे दिन शिव की पूजा-अराधना की धूम मची रही। देवाधिदेव का दर्शन-पूजन करने में पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं-युवतियों की संख्या अधिक रही। मंदिरों को जाने वाले मार्गों पर जो भी महिलाएं-युवतियां दिखाई दे रही थी, उनके हाथो में पर्स की जगह पूजा की थाली दिखी। अधिकांश महिलाओं ने व्रत भी रखा।
मंदिर जाने वाले मार्गों पर रही चहल-पहल
गाजीपुर। महाशिवरात्रि पर मंदिर जाने वाले सभी मार्गों पर भक्तों की चहल-पहल बनी रही। मरदह के महाहार धाम और शहर के पीगनर स्थित बूढ़ा महादेव मंदिर पर तड़के से ही भक्तों के पहुंचने का क्रम शुरु हुआ, वह देर शाम तक जारी रहा। मंदिर जाने वाले डगर पर सिर्फ भोले के भक्त ही दिखाई दे रहे थे।
बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर से निकली शिव बरातऔडिहार। मंगलवार को प्रमुख शिवमंदिरों में लोगों में दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक किया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर चौकसी बढ़ा दी गई थी। सैदपुर के बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर पर महाशिवरात्रि के दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। सायंकाल तक मंदिरों में दर्शन-पूजन के साथ ही शिव बरात निकाली गई। जिसमें उपजिलाधिकारी सत्यम मिश्रा और क्षेत्राधिकारी मन्नीराम गौड़ ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से मंदिर परिसर एवं स्नान घाट का अवलोकन कर अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मंदिर के पास मेला भी लगा रहा।