गाजीपुर। जिले में डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा सोमवार को कुल 26 परीक्षा केंद्रों पर एक साथ शुरु हुई। इसमें पहली पाली में 408 और दूसरी पाली में 396 ने परीक्षा नहीं दी।
डायट के प्रवक्ता परीक्षा प्रभारी सर्वेश राय ने बताया कि पहले दिन प्रथम पाली में 10 से 12 बजे तक आरंभिक स्तर पर भाषा एवं गणित के पठन-लेखन क्षमता का विकास प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा हुई। इसमें कुल पंजीकृत 12627 के सापेक्ष 12219 प्रशिक्षु उपस्थित और 408 अनुपस्थित पाए गए।
उन्होंने बताया कि दूसरी पाली में शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशासन की द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा 1:30 से 3:30 बजे तक हुई। इसमें कुल पंजीकृत 12578 के सापेक्ष 12182 सम्मिलित हुए और 396 अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी के निर्देशन में यह परीक्षा नकलविहीन और शुचिता से हुई। डायट प्रवक्ताओं ने पहले दिन दोनों पालियों में कई केंद्रों का निरीक्षण किया। 19 को सुबह 10 से 11 बजे तक विज्ञान, 11:30 से 12:30 बजे तक गणित और दोपहर दो से चार बजे तक सामाजिक अध्ययन की परीक्षा होगी। 20 को सुबह 10 से 11 बजे तक हिंदी, 11:30 से 12:30 बजे तक अंग्रेजी तथा दोपहर दो से चार बजे तक शांति शिक्षा एवं सतत विकास विषय की परीक्षा होगी। डायट प्रवक्ता ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए हर केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। सचल दल का भी गठन किया गया है।