फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परीक्षा निरस्त होने पर चढ़ी त्योरी, नाराज अभ्यर्थियों ने लगाया जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजीपुर। बीटीसी की परीक्षा निरस्त होने से नाराज अभ्यर्थियों ने मंगलवार को आस्तीन चढ़ा ली। बीटीसी संयुक्त प्रशिक्षु मोर्चा 2015 के बैनर तले सरजू पांडेय पार्क के सामने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। इस दौरान वह निरस्त परीक्षा को एक सप्ताह के भीतर कराने और टीईटी परीक्षा की तिथि एक माह और आगे करने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर शिवशरणप्पा ने उन्हें समझाया तथा पत्रक लेकर जाम को समाप्त कराया। सुबह करीब नौ बजे से लगा जाम साढ़े दस बजे समाप्त हुआ। जाम स्थल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं, जिससे राहगीरों को बहुत परेशानी झेलनी पड़ी।
विज्ञापन

आठ से 10 अक्तूबर तक बीटीसी 2015 के चौथे सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित थी। इसी बीच कौशांबी में पेपर आउट हो गया। इसके चलते सरकार ने इस परीक्षा को ही निरस्त कर दिया। जिले में करीब 5850 अभ्यर्थियों के लिए 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा निरस्त हो जाने से वह काफी नाराज हो गए तथा लामबंद होकर एसपी आफिस के सामने से सिंचाई विभाग चौराहे की ओर जा रही सड़क पर सरजू पांडेय पार्क के सामने सुबह जाम लगा दिया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि निरस्त सभी परीक्षाओं को एक सप्ताह के भीतर कराया जाना चाहिए। अगर इस कार्य में विलंब हुआ तो कई अभ्यर्थियों का कैरियर चौपट हो जाएगा। सरकार की व्यवस्था की कमी का खामियाजा हमको भोगना पड़ रहा है। गंभीरता से तैयारी कर के आने के बाद परीक्षा नहीं हो पाने से काफी परेशानी हुई है। इस क्रम में मांग की गई कि शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की प्रस्तावित तिथि चार नवंबर को कम से कम एक माह आगे बढ़ाया जाना चाहिए। बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में अभ्यर्थियों की ओर से जाम और प्रदर्शन किया जा रहा है। जाम स्थल पर पहुंचे उपजिलाधिकारी ने बड़ी संख्या में एकत्र अभ्यर्थियों से समझाया। अभ्यर्थियों ने शासन को भेजने के लिए जिलाधिकारी को संबोधित दो सूत्री मांग पत्र सौंपा। इसके बाद जाम को समाप्त कर दिया गया। जाम के कारण सबसे अधिक परेशानी आफिस जाने वाले कर्मचारियों तथा स्कूल के बच्चों को हुई। इस मौके पर राकेश कुमार सिंह, शिवेन्द्र प्रताप सिंह, कपिलदेव यादव, सूर्यकांत यादव, अतुल सिंह, आनंद यादव, प्रशांत यादव, अखंड सिंह, निशाद आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें