भांवरकोल(गाजीपुर)। एडीओ पंचायत की ओर से मुर्की अगाध गांव के प्रधान से अभद्रता करने तथा फर्जी मुकदमा लिखाने के खिलाफ मंगलवार को ग्राम प्रधान संघ की ओर से ब्लाक परिसर पर धरना दिया गया। सभी एडीओ के स्थानांतरण तथा उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। कहा कि जब तक मांगे पूरी नहीं होगी आंदोलन चलता रहेगा।
बीते दिनों मुर्की अगाध के ग्राम प्रधान किसी काम से ब्लाक पर तैनात एडीओ अखिलेश मिश्रा से मिलने गए थे। वहां कुछ बात को लेकर एडीओ ने प्रधान से काफी अभद्रता की तथा बाद में उनके खिलाफ थाने मे तहरीर तक दे दिया। इस बात की जानकारी मिलने के बाद पूरे ग्राम प्रधान लामबंद हो गए। धरना सभा में यह जानकारी देते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन की साजिश के तहत राम प्रधान को फंसाया जा रहा है। प्रधानों का उत्पीड़न किया जा रहा है जिसे कभी भी बरदाश्त नहीं किया जाएगा। मांग की गई कि इस एडीओ को हटाया जाय तथा पूरे मामले की जांच करा कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाय। इस मौके पर राघव तिवारी, गया यादव, बंगाली राय, राधामोहन यादव, पप्पू कुशवाहा, राजेश, गुंजन यादव, गनेश चौरसिया, कमलेश राय, इम्तियाज आदि मौजूद रहे।