जखनिया तहसील सभागार के बाहर लाइन में लगे फरियादी। स्रोत- पाठक
गाजीपुर। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के दावों के बीच शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण की तस्वीर बहुत उत्साहजनक नहीं रही। जिले की सातों तहसीलों में कुल 302 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें से प्रशासन के अनुसार महज 30 का मौके पर निस्तारण किया गया। सबसे अधिक 76 शिकायतें जखनिया तहसील में पहुंचीं, जबकि सबसे ज्यादा सात मामलों का समाधान सेवराई तहसील में हुआ।
तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार सदर में 25 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें चार का निस्तारण किया गया। सैदपुर में 31 शिकायतों में से दो, जमानिया में 57 में से पांच और सेवराई में 60 में से सात मामलों का मौके पर समाधान हुआ। वहीं, मुहम्मदाबाद में 25 शिकायतों में से चार, जखनिया में 76 में से चार और कासिमाबाद में 28 शिकायतों में से चार का निस्तारण किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में संबंधित उपजिलाधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।